गंगोलीहाट में 92वें वर्ष भव्य रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू! महिला पात्रों के हाथों होगी मुख्य कमान

Blog
 Image

गंगोलीहाट। नगर के मुख्य बाजार स्थित ऐतिहासिक श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच की ओर से इस वर्ष 92वें वर्ष की रामलीला मंचन की जोरदार तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार आयोजन का मुख्य आकर्षण यह रहेगा कि रामलीला के सभी प्रमुख और पौराणिक पात्रों का मंचन महिला और बालिका कलाकार करेंगी। सांस्कृतिक मंच द्वारा कलाकारों को गायन और अभिनय की बारीकियां सिखाने के लिए तालीम (रिहर्सल) की शुरुआत कर दी गई है, जो आगामी अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह तक निरंतर जारी रहेगी। इस बार मंचन में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के मुख्य पात्र में खुशी उप्रेती, लक्ष्मण के रूप में एंजल सुगड़ा, माता सीता के रूप में रजनी सेलाकोटी, भरत के किरदार में लक्षिता बिष्ट और शत्रुघ्न के अभिनय में अंजलि पाण्डेय अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। इसके साथ ही शूर्पणखा के रोल में अपर्णा रावल, अहिल्या के रूप में आयुषी रावल, माता गौरी के किरदार में सुहानी चन्दोला, शबरी के अभिनय में दीक्षा पाठक, वन स्त्री के पात्र में निशा बोरा व साक्षी उप्रेती और सीता की सहेलियों की भूमिका में दृष्टि उप्रेती व सोना गोस्वामी नज़र आएंगी। आयोजन को भव्य रूप देने में मुख्य निर्देशक सूबेदार शंकर सिंह रावल, सह निर्देशक किशन उप्रेती, कैलाश सिंह, सचिव गजेंद्र रावल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल, उपाध्यक्ष विजय साह, संरक्षक षष्टी रावल, हरगोविंद रावल, वीरेंद्र रावल, हारमोनियम वादक विशाल सोरियाल, तबला वादक प्रियांशु कुमार और सदस्य ललित उप्रेती पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं।