पिथौरागढ़। डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि मानसून काल में आपदा की घटनाओं पर त्वरित कार्यों के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में आपदा मित्र बनाए जाएंगे। उन्हें आपदा से निपटने के लिए कुशल बनाया जाएगा। पुलिस उप महानिरीक्षक ने पुलिस को यातायात समस्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों का अतिक्रमण हटाकर पार्किंग व्यवस्था को ठीक कर सुगम यातायात व्यवस्था की जाए। चौराहों में थाना दिवस आयोजित कर लोगों की समस्याओं सुनकर उनका समाधान किया जाए।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यातायात को लेकर पुलिस जल्द ही एक माह का अभियान चलाएगी जिसमें अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इसके अलावा युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। इसमें युवाओं को फोकस करके उन्हें पुलिस भर्ती, आर्मी भर्ती आदि की जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं को जिम ज्वाइन करने और पुस्तकालय जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिला संवेदनशील जिला है इसलिए बाहरी क्षेत्रों से आने जाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सीमा पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। सीमांत जिले में फर्जी आधर कार्ड बनाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले पुलिस सम्मेलन में उन्होंने पुलिस कर्मियों को शीघ्र ही समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन में विभिन्न शाखाओं निरीक्षण किया। उन्हें क्वार्टर गार्द सलामी दी गई। उन्होंने पुलिस शाखाओं का निरीक्षण करते हुए नियमित रूप से जवानों की परेड कराने, पुलिस मैस में पहाड़ी व्यंजनों को बनाए जाने, जवानों की बैरक को स्मार्ट बनाने , पुलिस कैंटीन में पुलिस जवानों की मांग के अनुसार सामान मगाने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसपी लोकेश्वर सिंह, एएसपी संचार बीबी तिवारी सहित कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे।