पिथौरागढ़। राजस्व क्षेत्र इग्यारह देवी के बेड़ा गांव में हुई चनर राम की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार थप्पड़ का बदला लेने के लिए चनर राम की हत्या की गई थी। पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर को बेड़ा गांव में मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह और खीम सिंह के साथ चनर राम का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। चनर राम ने दोनों को थप्पड़ मार दिया था जिसके बाद दोनों ने 23 नवंबर की रात सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे चनर राम को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने एक आरोपी को नेपाल सीमा कैनाल पुल से गिरफ्तार किया है जबकि दूसरे आरोपी को घर से ही गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरे आरोपी के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। इस बात का खुलासा शुक्रवार को एसपी लोकेश्वर सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को बेड़ा क्षेत्र में बच्चा होने की खुशी में खेल कार्यक्रम थे। इसमें चनर राम भी मौजूद था। मुख्य आरोपी कृष्णा सिंह और खीम सिंह ने चनर राम के साथ कार्यक्रम से लौटने के दौरान मारपीट की जिससे वह पानी की टंकी के पास गिर गया। आरोपियों ने पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। राजस्व पुलिस को बेड़ा निवासी चनर राम (40) पुत्र स्व.देव राम का शव 24 नवंबर को ग्राम बेड़ा में पानी की टंकी के पास झाड़ियों में मिला था। प्रकाश भट्ट, कृष्ण सिंह और खीम सिंह का दोस्त था। उसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी थी। उसने दोनों आरोपियों के नेपाल भागने में मदद भी की थी। कृष्ण सिंह तो नेपाल भागने से पहले पकड़ा गया लेकिन खीम सिंह नेपाल भागने में सफल रहा। उसका दोनों आरोपियों से घटना को अंजाम देने के बाद फोन पर बातचीत करने आदि की पुष्टि हुई है जिस कारण पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से मुख्य आरोपी कृष्ण सिंह को नेपाल बॉर्डर पर कैनाल पुल कॉलोनी को जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया जबकि दूसरे आरोपी प्रकाश भट्ट उर्फ प्रेम पुजारी को खितोली पिथौरागढ़ से गिरफ्तार किया। प्रकाश भट्ट हत्या में तो शामिल नहीं था लेकिन उसे पूरे मामले की जानकारी थी। उसने दोनों मुख्य आरोपियों की भागने में मदद की थी। अब पुलिस तीसरे आरोपी खीम सिंह की तलाश कर रही है।
Narendra Singh
संपादक