पिथौरागढ़। खिलाड़ियों के उत्पीड़न के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह और सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान सिंह के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गयी। इससे पहले कांग्रेसी कार्यकर्ता राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में सिल्थाम तिराहे पर एकत्र हुए। महर ने कहा कि भाजपा राज में अब पहलवान और राष्ट्रीय खिलाड़ी भी सुरक्षित नहीं हैं। राष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट सहित दर्जनों पहलवान दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना देने के लिए मजबूर हुए। इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। ऐसा नहीं होना चाहिए। इससे खिलाड़ियों का उत्साह कम होता है। इससे उनका प्रदर्शन भी प्रभावित हो सकता है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष करन सिंह और जिलाध्यक्ष अभिषेक बोरा ने आंदोलन की चेतावनी दी। पुतला दहन में आनंद धामी, प्रकाश देवली, कमल भंडारी, चंचल बोरा, ऋषभ कल्पासी, कमलेश कसन्याल, पप्पू लुंठी, दानू कन्याल, जीवन कोहली, निखिल ऐरी आदि रहे।