गंगोलीहाटः महंगाई और बेरोजगारी को लेकर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा! जोरदार प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका

Blog
 Image

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट में आज भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। नगर अध्यक्ष दीपक धानिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां उन्होंने गैस सिलेंडरों के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि, कमरतोड़ महंगाई और प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है और जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के पुतले के साथ जुलूस निकाला और मुख्य चौराहे पर भाजपा सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महंगाई ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है और युवा रोजगार के लिए दर.दर भटकने को मजबूर हैं। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान चंद्र गुड्डू और कांग्रेस अजा विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ ही नारायण बोरा, संजय बोरा, आनंद बिष्ट, वीरेन्द्र सुगडा, बलवंत महरा, किशोर कुमार, गोपाल धानिक, पारस धानिक और पवन बोरा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो सड़कों पर उतरकर और उग्र आंदोलन किया जाएगा।