बेरीनाग क्षेत्र के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर वितरण को लेकर नया नियम लागू किया गया है। अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे और सिलेंडर प्राप्त करने के लिए डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) देना अनिवार्य होगा।
बेरीनाग गैस सर्विस की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि बिना डीएसी कोड दिए किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। गैस एजेंसी प्रबंधक भाष्करानंद पंत और स्टोर प्रबंधक विक्रम शाह ने बताया कि सिलेंडर वितरण पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था के तहत किया जाएगा और जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग पहले आएगी, उन्हें ही प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पहले की तरह सामान्य रूप से जारी है। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। एजेंसी के अनुसार यह व्यवस्था केवल वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए लागू की गई है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) कराना भी अनिवार्य कर दिया गया है। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक पूरी नहीं हुई है, उन्हें गैस सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। एजेंसी ने ऐसे उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि उन्हें सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। गैस एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि सिलेंडर बुकिंग के समय प्राप्त डीएसी कोड को सुरक्षित रखें और डिलीवरी के समय डिलीवरी बॉय को यह कोड अवश्य बताएं। इससे गैस वितरण में पारदर्शिता बनी रहेगी और फर्जी डिलीवरी जैसी समस्याओं पर भी रोक लग सकेगी।