गंगोलीहाट। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में प्रदेशव्यापी आंदोलन लगातार जारी है। शिक्षक संघ के प्रदेश संयुक्त मंत्री हरीश कोठारी ने बताया कि शिक्षकों की जायज मांगों पर सिर्फ आश्वासन देकर शासन स्तर पर लगातार उपेक्षा के कारण प्रान्तीय नेतृत्व के निर्णय के अनुसार आंदोलन के प्रथम चरण में 1 मई से हाथ में काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जारी रखे हुये हैं। विरोध दर्ज कराने के लिए शिक्षक सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद तथा विधायकों को पोस्ट-कार्ड भी लगातार भेज रहे हैं। तथा 8 जून को सचिवालय कूच की तैयारी भी कर रहे हैं। कहा गया कि यदि सरकार मांगों पर विचार नहीं करती है, तो संघ ने आंदोलन के अगले चरणों की घोषणा भी कर दी है। इसके तहत 12 मई को ब्लॉक इकाइयों द्वारा एसडीएम कार्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 18 मई को जिला मुख्यालय में विशाल रैली और जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। 29 मई को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, देहरादून में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 8 जून को देहरादून में गर्जना रैली के साथ सचिवालय कूच किया जायेगा।
संघ प्रमुख मांगें...
2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टी.ई.टी. (TET) परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त किया जाए।
शिक्षकों को 17,140 का वेतनमान लाभ दिया जाए और पूरी सेवा में तीन पदोन्नतियों की गारंटी दी जाए।
एक ही विज्ञप्ति के आधार पर नियुक्त प्रदेश के समस्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना स्वीकृत की जाए।
जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय के अनिवार्य पद का सृजन हो और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सुविधा एक बार अनिवार्य रूप से दी जाए।
5400 ग्रेड वेतन प्राप्त कर रहे शिक्षकों को बोनस का भुगतान किया जाए या उन्हें राजपत्रित अधिकारी घोषित किया जाए।

