गंगोलीहाटः गणाई गंगोली में बंदरों का आतंक! वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग

Blog
 Image

गंगोलीहाट। गणाई गंगोली में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बंदरों के झुंड अब रिहायशी इलाकों में खुलेआम घूम रहे हैं और लोगों, खासकर छोटे बच्चों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल जाने वाले बच्चों पर बंदर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बंदर घरों के अंदर घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जा रहे हैं, वहीं दुकानों में घुसकर भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई दुकानदारों का कहना है कि बंदरों की वजह से उनका सामान खराब हो रहा है और व्यापार प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही इस समस्या को लेकर लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर बंदरों को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।