Mar 18, 2026

गंगोलीहाटः गंगायली को जिला बनाने की मांग तेज! सबका विकास पार्टी ने किया धरना प्रदर्शन

post-img

गंगोलीहाट। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ही लंबित गंगावली जिला निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। तीन दशकों से चली आ रही इस मांग के समर्थन में अब सबका विकास पार्टी ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। शासन-प्रशासन द्वारा मांग की अनदेखी किए जाने के विरोध में पार्टी ने कल देर शाम मुख्यमंत्री उत्तराखंड को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार के माध्यम से शासन को भेजा गया एवं आज 18 मार्च से दो दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना बस अड्डे के निकट स्थित एक कॉम्पलेक्स में दिया जा रहा है। धरने से पूर्व सुबह में एक जनसभा भी की गई जो कि मुख्य चौराहे में हुई इसमें मुख्य रूप से गंगावली जिला बनाओ समिति के अध्यक्ष गणेश बोरा एवं सबका विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चंद्र शर्मा उर्फ़ नरेंद्र उत्तराखण्डी ने संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हरीश चंद्र शर्मा उत्तराखंडी ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि गंगोलीहाट ब्लॉक की 117 और बेरीनाग ब्लॉक की 84 ग्राम पंचायतों को मिलाकर नए गंगावली जिले का गठन किया जाना चाहिए। ज्ञापन में भौगोलिक तर्कों का हवाला देते हुए बताया गया है कि यह क्षेत्र सरयू और रामगंगा नदियों से प्राकृतिक रूप से विभाजित है और वर्तमान जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ से काफी दूर होने के कारण विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है। तहसीलदार गंगोलीहाट के माध्यम से भेजे गए पत्र में पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जनता के सपनों के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। बार.बार मिलने वाले आश्वासनों के बावजूद धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में आज 18 मार्च से क्षेत्र में दो दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी ने साफ किया है कि यदि प्रदर्शन के दौरान कोई विषम स्थिति पैदा होती हैए तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

संघर्ष समिति का मिला समर्थन
इस अभियान को गंगावली जिला बनाओ संघर्ष समिति का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। मांग पत्र पर डॉ. हरीश चंद्र शर्मा के साथ ही मनोज माहरा, गोपाल सिंह धानिक, दीपक सिंह धानिक, राजेश जोशी, राजेंद्र सिंह, दरपान सिंह, गोविंद सिंह, नरेश सिंह, जोगा सिंह सहित कई प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मौजूद हैं।