गंगोलीहाट में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का आयोजन! हजारों दीपों से जगमगाया मैदान

Blog
 Image

गंगोलीहाट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे 'संकल्प सेवा अभियान' के तहत पी एम श्री इण्टर कॉलेज गंगोलीहाट के  खेल मैदान में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान इक्कीस सौ दीपों के प्रज्वलन से पूरा मैदान जगमगा उठा। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। आयोजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने कहा कि 'संकल्प सेवा अभियान' के तहत एक माह तक जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता कर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। विमल रावल ने स्पष्ट किया कि 'आशीर्वाद का दीया' केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विकसित राष्ट्र के संकल्प के प्रति जनभागीदारी और विश्वास का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को संरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

उपजिलाधिकारी अंकित राज ने बताया कि संकल्प सेवा अभियान के तहत तहसील भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को उनके निकट सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना तथा सेवा एवं सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए और उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। दीपों की रोशनी से सजा मैदान में बना भारत माता का चित्र आकर्षण का केंद्र बना रहा। यह कार्यक्रम तहसील, विकासखंड और विभिन्न सरकारी संस्थानों के साथ-साथ लोगों द्वारा अपने घरों में भी दीप जलाकर उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भगवती प्रसाद पांडेय, बीडीओ प्रदीप बिष्ट,  खंड शिक्षा अधिकारी रमेश मौर्या, एडीओ पंचायत हेम पाठक, स्थानीय जनप्रतिनिधि अजा मोर्चा प्रदेश महासचिव दर्पण कुमार, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोभाल, ग्राम प्रधान संगठन महामंत्री हरीश दुर्गापाल, दयाल कुमार, भगवान  बिष्ट, वन पंचायत परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष नीरज पंत ,ब्लॉगर ज्योति सुगड़ा, लता भट्ट, मंजू , अपर सहायक अभियंता जल संस्थान रूपेश आर्या,  जोगा राम , कानूनगो मोहन  गोस्वामी, राजस्व उपनिरीक्षक हेमंत कुमार, उप निरीक्षक नरेंद्र पाठक सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक एवम् छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।