थल। राजकीय इंटर कॉलेज थल में उपजिलाधिकारी बेरीनाग अंकित राज की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। तहसील दिवस में क्षेत्र के ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर 20 से अधिक शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। इनमें से अधिकांश शिकायतों का उपजिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण कराया। तहसील दिवस में बलतिर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता ऋतुराज सेमटी ने गांव में पिछले कई दिनों से रात के समय चार से पांच गुलदारों के दिखाई देने का मामला उठाते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। वहीं लेजम ग्राम पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता अशोक चंद ने लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के लिए लेजम में मतदान केंद्र बनाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। सामाजिक कार्यकर्ता शलीम अहमद ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित प्रार्थना पत्रों में जांच आख्या लगवाने के आदेश तहसीलदार थल को दिए जाने का विषय तहसील दिवस में रखा। इसके अलावा ग्रामीणों ने बारिश के कारण हुए नुकसान, सड़क, बिजली, पेयजल सहित विभिन्न समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उपजिलाधिकारी अंकित राज ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। तहसील दिवस में तहसीलदार थल राम प्रसाद, लोक निर्माण विभाग बेरीनाग के अधिशासी अभियंता दीप चंद्र पांडे, राजस्व निरीक्षक शंकर लाल वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक विपिन कापड़ी, राजस्व उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार पंत, राजस्व उपनिरीक्षक प्रमोद कार्की,राजस्व उपनिरीक्षक योगीता चन्द , एडीओ पंचायत बेरीनाग योगेश पांडे सहित चिकित्सा, विद्युत, पशुपालन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना डीडीहाट, ग्रामीण निर्माण विभाग पिथौरागढ़ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

