गंगोलीहाट: सीएम धामी की घोषणाओं पर कार्रवाई न होने से बढ़ा आक्रोश! चौथे दिन भी धरने पर डटे आंदोलनकारी

Blog
 Image

गंगोलीहाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं पर कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। इसी क्रम में आज 18 अगस्त को आंदोलनकारी चतुर्थ दिवस भी धरना स्थल पर डटे रहे। धरने पर मुख्य रूप से मनोज टम्टा, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रमा खाती, रिंकी बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मालती आर्या और तारा देवी बैठीं। आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के विकास से जुड़ी मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं, जिन्हें जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाना बेहद जरूरी है। इस आंदोलन को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। आज पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर, ब्लॉक  प्रमुख गंगोलीहाट विनोद प्रसाद, बेरीनाग ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष दीपक उप्रेती, गणाई जिला पंचायत सदस्य पंकज बोरा तथा पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलवंत मेहरा ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इनके अलावा मुकेश रावल, संजय रावल, गणेश रावल सहित कई अन्य स्थानीय लोगों ने भी पहुंचकर आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन किया और सरकार से जनहित की घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग की।