विकासनगर। खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले आरोपित को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक थाना कालसी को सूचना मिली अज्ञात व्यक्ति द्वारा पिछले दो माह से स्वंय को कुख्यात बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर फोन से डरा-धमकाकर एक लाख रुपये की रंगदारी वसूली गयी है। जिस पर थाना कालसी में 02/23 धारा और 384/507 पर केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कालसी के नेतृत्व में टीम ने पीडि़त से पूछताछ की। जिसके आधार पर मिले मोबाइल नम्बरों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्रित की गयी तो उक्त मोबाइल नम्बर का मनोज नाम के व्यक्ति का निकला। उसकी वर्तमान लोकेशन आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में पाई गई। टीम तत्काल आगरा के लिए रवाना हुई और मनोज कुमार को थाना रकाबगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मनोज कुमार ने बताया गया कि कुछ समय पूर्व उसे पीडि़त के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त हुई थी। जिसके बाद मनोज ने उसे बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का भय दिखाकर रंगदारी वसूलने की योजना बनाई और एक लाख रुपए वसूले।