नई दिल्ली। अमेरिका में केन्द्र सरकार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हमले के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह ऐसा करके पीएम मोदी नहीं देश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर पीएम मोदी की तारीफ उनसे हजम नहीं हो रही है इसलिए वह उल्टा.सीधा बोल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इटली की प्रधानमंत्री कहती हैं कि पीएम मोदी दुनिया के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले नेता हैं और दुनिया के अन्य नेता मोदी जी का सम्मान करते हैं और सबसे लोकप्रिय नेता में नरेंद्र मोदी जी तीन सालों में लगातार चुने जाते हैं। अब इस बात को कांग्रेस हजम नहीं कर पा रही है और इसलिए कहीं ना कहीं जाकर उल्टा .सीधा बोलना है। पहले इंग्लैंड में और अब अमेरिका में। ये जो प्रायोजित कार्यक्रम होते हैं इनमें भारत विरोधी नारे लगते हैं। भारत के राष्ट्रगान का अपमान किया जाता है। भारत विरोधी बातें बोली जाती हैं और राहुल गांधी जी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होते हैं। वहीं भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने भी राहुल गांधी के बयान पर कहा कि वह मोदी सरकार के विकास के खिलाफ नफरत का बाजार फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि वह पीएम मोदी की लोकप्रियता की सच्चाई को स्वीकर नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल का मोहब्बत का पैगाम बहाना है।