भाजपा कार्यकर्ताओं ने ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष सैम पित्रौदा का पुतला फूंका। बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी के नेतृत्व में घंटाकरण तिराहे पर पुतला फूंक कर सैम पित्रौदा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पित्रौदा का पूर्वोत्तर भारतीयों को चीनी, दक्षिणी भारतीयों को अफ्रीकी नागरिक और पश्चिम को अरब जैसा बताना शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश को विभाजित और अपमानित करने की बात करती है। भाजपा इसका घोर विरोध करती है। प्रदर्शन करने वालों में दायित्वधारी गणेश भंडारी, जिपं अध्यक्ष दीपिका बोहरा. जिला उपाध्यक्ष इंद्र लुंठी, जिला महामंत्री राकेश देवलाल, दीपक कार्की, गोविंद बोरा, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, लोकसभा मीडिया प्रभारी कोमल मेहता, जिला मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह, नगर अध्यक्ष दिनेश कापड़ी आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।