पिथौरागढ़। आज प्रदेशभर में कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई के विरोध में केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। इसी क्रम में पिथौरागढ़ में भी कांग्रेसी सड़क पर उतरे और बढ़ती महंगाई का विरोध किया। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता थल स्टेशन में एकत्र हुए। यहां केन्द्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और भाजपा सरकार को इससे कोई लेना-देना नहीं है। कहा कि आज गैस-सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं और मोदी सरकार अच्छे दिनों की बात करती है। कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार लगातार आमजन के बुरे दिन लाने में जुटे हुए हैं। कहा कि आम लोगों के लिए सिलेंडर भराना मुश्किल हो गया है और प्रधानमंत्री मोदी उज्ज्वला योजना को सफल बता रहे हैं। निर्धन परिवारों को मुफ्त में कनेक्शन तो बांट दिए, लेकिन एक हजार में यह परिवार सिलेंडर कैसे भरेगा। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बोरा ने कहा 18 माह में 13 बार रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर भाजपा सरकार ने देश के लोगों की कमर तोड़ने का काम किया है। कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गयी है। आज देश में आमजन के हाल बेहाल हैं और उद्योगपति दिन-प्रतिदिन मालामाल होते जा रहे हैं।
Narendra Singh
संपादक