पिथौरागढ़। प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, पहाड़ों पर लगातार बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, जिससे तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी है। यही नहीं चोटियों पर बर्फबारी भी हो रही है, जिससे ठण्डी हवाएं चल रही हैं। पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ताजा हिमपात होने की खबर सामने आ रहे हैं। इस दौरान पंचाचूली, राजरंभा, हसलिंग, छिपलाकेदार सहित अन्य चोटियों में जमकर बर्फबारी हुई है। जबकि मुनस्यारी के खलिया में ओलावृष्टि हुई। यहां ओलों की 3 इंच मोटी चादर बिछी है। बर्फबारी व ओलावृष्टि से पारा तेजी से लुढ़का है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पहुंच गया है, जिससे यहां ठंड का असर बढ़ गया है। उधर बर्फबारी की खबरों के बाद पर्यटक यहां का रूख कर सकते हैं, हांलाकि मौसम को देखते हुए प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड़ पर नजर आ रहा है। लगातार लोगों से मौसम को देखते हुए अपील की जा रही है। उधर आज भी प्रदेश में अधिकांश जगहों पर बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ होने की संभावना बताई जा रही है। हांलाकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय काली घटाएं छाई हुई थीं, लेकिन दोपहर होते-होते धूप खिल गयी। हांलाकि यहां भी मौसम पल-पल बदल रहा है।
Narendra Singh
संपादक