देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता जाने के बाद देशभर में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा सत्याग्रह किया जा रहा है। उत्तराखण्ड में भी कांग्रेसियों द्वारा सत्याग्रह कर विरोध दर्ज किया गया। प्रदेशभर में कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस बीच हरिद्वार भगत सिंह चौक पर स्थित गांधी पार्क में सत्याग्रह आंदोलन करने जा रहे सैकड़ो कांग्रेसियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। धर्मनगरी हरिद्वार में जिला कांग्रेस द्वारा सत्याग्रह आंदोलन का कार्यक्रम रखा गया था जिसके लिए आज रविवार को जैसे ही कांग्रेसियों ने गांधी पार्क का रूख किया वहां तैनात भारी पुलिस बल ने कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मौके पर ज्वालापुर विधायक रविबहादुर ने कहा कि महात्मा गांधी के चरणों मे बैठ कर सत्याग्रह करना भी भाजपा की सरकार में अपराध हो गया है। कहा कि अगर सरकार की नजर में सत्याग्रह करना भी अपराध है तो वे गिरफ्तारी को तैयार है। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल ब्रह्मचारी का कहना था कि गांधी जी के देश मे अब सत्याग्रह करना भी अपराध हो गया है। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत गिरफ्तारी के विरोध में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेसियों की गिरफ्तारी पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि कांग्रेसियों को पहले ही बता दिया गया था कि उनके पास इस प्रदर्शन के लिए अनुमति नही थी और बोर्ड की परीक्षाओं के चलते धारा 144 लगी होने के चलते ही कांग्रेसियों की गिरफ्तारी की गई है।
Narendra Singh
संपादक