नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर निशाना साधा है। बता दें कि केजरीवाल के आवास के सौंदर्यीकरण को लेकर भाजपा लगातार हमलावर है। भाजपा ने इस मसले पर अरविंद केजरीवाल से जवाब मांगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अरविंद केजरीवाल को नैतिकता के आधार पर जवाब देना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल के आलीशान महल से उनके बारे में कई सच्चाईयां खुली हैं। केजरीवाल के महल में जिस तरह और वैभव का विस्तार है, वह सद्दाम हुसैन और किम जोंग उन के महलों जैसा लगता है। इस तरह केजरीवाल की पार्टी ने न केवल ‘राष्ट्रीय कद’, बल्कि ‘अंतर्राष्ट्रीय’ भी हासिल किया है। केजरीवाल के आलीशान महल में सेंसर वाले दरवाजे हैं। वे रिमोट से सब कुछ नियंत्रित करते हैं, यहां तक की पंजाब सरकार को भी वे रिमोट से नियंत्रित करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यहां मुद्दा सिर्फ आरोप लगाने का नहीं है, सिर्फ असली चेहरा दिखाने का है। मुद्दा उस दर्द का है, उस विश्वासघात का है जो दिल्ली की जनता ने सहा है। दिल्ली के लोगों ने उन पर विश्वास किया था और उन्होंने बड़ी बेशर्मी से मुफ्त के नाम पर उन सबके साथ धोखा किया।