बेरीनाग। नगर में श्री नागदेव रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित श्रीरामलीला के द्वितीय दिवस पर गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया और रामलीला के माध्यम से समाज में संस्कार, सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भागीदारी की। विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनके जीवन से प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर श्री नागदेव रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बलवंत धानिक, देवेंद्र लाल शाह सहित कमेटी के सदस्यों ने विधायक का स्वागत एवं सम्मान किया। विधायक ने आयोजन के लिए कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में उनकी भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में जिला मंत्री इंद्र धानिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश पंत, मंडल उपाध्यक्ष मनीष पंत, मंडल महामंत्री गणेश उपाध्याय, पूर्व मंडल महामंत्री विमलेश पंत और मंजुल महेश्वर सहित नगर भाजपा बेरीनाग के सोशल मीडिया प्रभारी निखिल पंत मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग भी रामलीला के आयोजन में शामिल हुए।

