गंगोलीहाट। नवरात्रि के पावन पर्व पर गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और बूथ सशक्तिकरण अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में एडवोकेट सुरेंद्र कुमार ने पिथौरागढ़ जनपद के ढनोलासेरा, बजड़ और कुनेत क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान गोलू देवता मंदिर परिसर में जनसभा एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को केंद्र सरकार और उत्तराखंड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही क्षेत्रवासियों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को सुनकर जनसंपर्क के माध्यम से जनता से सीधा जुड़ाव बनाने पर जोर दिया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने और प्रदेश में विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाने के संकल्प को दोहराया। एडवोकेट सुरेंद्र कुमार ने क्षेत्रवासियों से मिले स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उन्हें जनसेवा के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव, समर्पण और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर गोकुल सिंह डसीला, भूपेन्द्र प्रसाद, इन्द्रजीत डसीला, पूरन सिंह, कुंदन सिंह, बिशन सिंह, बचे सिंह भंडारी, जगत सिंह, आनंद सिंह, आलम सिंह, चंचल सिंह, डूंगर सिंह, पंकज जोशी, रमेश पाण्डे, दीपक सिंह, संतोष, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश भंडारी, नंदा बल्लभ, ललित चंद्र भट्ट, नंदी देवी, शांति देवी, राजेश कुमार, बसंत राम और सुंदर कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

