गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार धरने पर डटे हुए हैं। छात्रों का कहना है कि प्रशासन की ओर से पूर्व में 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते छात्रों को आंदोलन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। धरने पर बैठे छात्रों ने महाविद्यालय के नए भवन तक सड़क निर्माण, बीएससी, बीकॉम और एमए की कक्षाओं का संचालन, महाविद्यालय का उच्चीकरण तथा छात्रावास निर्माण की मांग उठाई है। छात्र-छात्राओं का समर्थन लगातार आंदोलन को मिल रहा है।

