govt-ads

बेरीनाग के वर्षायत जूनियर हाईस्कूल में धूमधाम से मनाया गया गढ़भोज दिवस

Blog
 Image

बेरीनाग। राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय वर्षायत में गढ़भोज दिवस उत्साह और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को कुमाऊं के पारंपरिक और पौष्टिक स्थानीय व्यंजन परोसे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्थानीय अनाज, सब्जियों और पारंपरिक खान-पान से जोड़ना तथा इनके पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देना रहा। गढ़भोज के लिए कुमाऊंनी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था पर्यटक आवास गृह केंद्र चौकोड़ी के प्रबंधक दीपक पंत की ओर से की गई। भोज में काले भट्ट, चना और राजमा का रस, ककड़ी और उड़द की बड़ी से तैयार झोली, धारे-गावे, तुरई, मूली, सरसों, कद्दू की मिश्रित सब्जी, सलाद और खीर सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजन शामिल रहे। स्थानीय स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर इस भोज का बच्चों ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम की खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार ने वीडियो कॉल के माध्यम से औचक समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा देवी और एसएमसी अध्यक्ष नीता देवी से गढ़भोज के आयोजन और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को स्थानीय भोज्य पदार्थों के पोषण संबंधी लाभ बताते हुए पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खान-पान में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार ने शिक्षा विभाग की ओर से दीपक पंत का विशेष भोज के आयोजन के लिए आभार जताया। विद्यालय की प्रधान रेखा देवी ने भी बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर उनका धन्यवाद किया। एसएमसी अध्यक्ष नीता देवी ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के विद्यालय में इस तरह का आयोजन बच्चों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में चारू चंद्र पंत, प्रताप राम, दीवानी राम, बहादुर राम, पुष्पा देवी, जानकी देवी, केएन पंत समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन केएन पंत ने किया। गढ़भोज दिवस ने बच्चों को कुमाऊं की पारंपरिक खान-पान संस्कृति से जोड़ने के साथ स्थानीय व्यंजनों के महत्व का संदेश भी दिया।