बेरीनाग/गंगोलीहाट। बेरीनाग क्षेत्र के पात्र परिवारों को स्थायी निवास प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की मांग को तहसील दिवस में प्रमुखता से उठाने पर क्षेत्र के युवाओं ने अधिवक्ता विजय चन्द्र का सम्मान करते हुए उनका आभार जताया। युवाओं ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के कई पात्र परिवार स्थायी निवास प्रमाण-पत्र नहीं होने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, शिक्षा और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि यह एक महत्वपूर्ण जनहित का विषय है, जिसे अधिवक्ता विजय चन्द्र ने तहसील दिवस के दौरान प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता विजय चन्द्र लगातार क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें संबंधित अधिकारियों और प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। युवाओं ने उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से पात्र परिवारों की स्थायी निवास प्रमाण-पत्र से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान होगा और उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर युवाओं ने अधिवक्ता विजय चन्द्र के जनहितकारी प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं को इसी तरह प्रमुखता से उठाने की अपील की। कार्यक्रम में मनीष रौतेला, आयुष सैलोनी, मनीष खांका, सुमित चन्याल, सुमित मिश्रा, गौरव पाठक, अंशु सैलोनी, अंकित धानिक, नरेंद्र बिष्ट, आकाश पाथक, रजत सिंह धौनी, सायल बोरा, अमित बफिला और लकी बोरा समेत अन्य युवा मौजूद रहे।

