गंगोलीहाट। पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज दशाईथल के विद्यार्थियों ने अपने व्यायाम के अतिथि शिक्षक राजेश भंडारी के स्थानांतरण को रद्द करने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में छात्रों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गंगोलीहाट के माध्यम से उत्तराखंड शासन के माननीय शिक्षा मंत्री को एक ज्ञापन पत्र भेजा है। छात्रों का कहना है कि व्यायाम शिक्षक राजेश भंडारी के दिशा-निर्देशन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और कई छात्रों का चयन राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी हुआ है। ऐसे कुशल और समर्पित शिक्षक का अचानक स्थानांतरण होने से उनकी खेल गतिविधियों और भविष्य की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ज्ञापन में विद्यार्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक हफ्ते के भीतर शिक्षक का स्थानांतरण रद्द नहीं किया गया, तो वे विद्यालय परिसर में उग्र धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग और शासन से मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए जनहित एवं छात्रहित में तबादला रोकने की विनम्र अपील की है।

