गंगोलीहाट: चार सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने शुरू किया सत्याग्रह

Blog
 Image

गंगोलीहाट। महाविद्यालय की चार सूत्रीय मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं ने गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू कर दिया। छात्रों की प्रमुख मांगों में महाविद्यालय के नए भवन तक सड़क निर्माण, महाविद्यालय का उच्चीकरण, एमए, बीएससी व बीकॉम की कक्षाओं का संचालन तथा छात्रावास निर्माण शामिल हैं। सत्याग्रह के दौरान प्रशासन की ओर से छात्र-छात्राओं को मांगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं छात्रसंघ अध्यक्ष के माध्यम से प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया। छात्रों ने कहा कि इस अवधि में संबंधित पत्रावली की कार्रवाई पूरी कर सकारात्मक निर्णय लिया जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिन के भीतर उनकी मांगों के संबंध में सकारात्मक जवाब या ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो वे पुनः सत्याग्रह शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। छात्रों का कहना है कि चारों मांगें महाविद्यालय के विकास और छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़ी हैं। सत्याग्रह में गौरव बुरा, गौरव पंत, अमित वर्मा, करन कुमार टम्टा, किशन भाटिया, सोनी, करिश्मा, खुशी समेत अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।