गंगोलीहाट: फुटसिल ग्राम पंचायत में हरियाली और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अनूठी पहल, ग्रामीणों को वितरित किए गए संतरे के पौधे

Blog
 Image

गंगोलीहाट। ब्लॉक मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत फुटसिल में 'प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई परियोजना' के सहयोग से एक सराहनीय पहल की गई है। ग्राम प्रधान हरीश चंद्र दुर्गापाल द्वारा ग्राम पंचायत के समस्त परिवारों को संतरे के पौधे वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान दुर्गापाल ने बताया कि पूर्व में फुटसिल गांव में संतरों का पर्याप्त उत्पादन होता था और यह फसल गांव की मुख्य पहचान हुआ करती थी, लेकिन समय के साथ यह लगभग समाप्त हो गई है। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से संतरे की इस पारंपरिक फसल को पुनर्जीवित करने का संकल्प व्यक्त किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी गांव में हरियाली और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों को आंवले, कीवी, छोटे नींबू और माल्टे के पौधे वितरित किए जा चुके हैं। ग्राम प्रधान ने दोहराया कि वह जनता के निरंतर सहयोग से ग्राम पंचायत फुटसिल को एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाने के लिए पूरी तरह से संकल्पबद्ध हैं।