गंगोलीहाटः पालिकाध्यक्ष विमल रावल ने सीएम धामी को सौंपा मांगपत्र! उठाए विभिन्न मुद्दे

Blog
 Image

गंगोलीहाट। नगर पालिका अध्यक्ष गंगोलीहाट विमल रावल ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र और नगर पालिका की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जनहित के कार्यों के लिए शीघ्र आवश्यक धनराशि और प्रशासनिक स्वीकृति देने का भरोसा दिलाया। ज्ञापन में नगर पालिका क्षेत्र के सातों वार्डों में नालियों, आंतरिक सड़कों, सार्वजनिक शौचालयों और आधुनिक सीवर लाइन के निर्माण के लिए विशेष बजट जारी करने की मांग की गई। साथ ही प्रसिद्ध मां हाट कालिका मंदिर मार्ग सहित पूरे नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का भी अनुरोध किया गया, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में महिला रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति की मांग प्रमुखता से उठाई गई। बताया गया कि डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। परिवहन और सड़क सुविधाओं के तहत गंगोलीहाट-पव्वाधार नैनी मोटर मार्ग तथा पाताल भुवनेश्वर-दौला-बलिया रावलखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं चौड़ीकरण की मांग रखी गई। इसके अलावा रोडवेज बस अड्डे से विभिन्न प्रमुख मार्गों पर नियमित बस सेवा शुरू करने का भी आग्रह किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट तक पक्की सड़क निर्माण और महाविद्यालय में एमए तथा बीएससी की नियमित कक्षाएं शुरू करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि ये योजनाएं जल्द धरातल पर उतरती हैं तो गंगोलीहाट में आधारभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।