गंगोलीहाट। विकासखंड गंगोलीहाट में राज्य स्तरीय समाज कल्याण अनुश्रवण समिति, उत्तराखंड सरकार के सदस्य (दायित्वधारी) दीपक नेवलिया ने समाज कल्याण विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने तथा विकास कार्यों की स्थिति को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान PMGSY और लोक निर्माण विभाग (PWD) से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। दायित्वधारी दीपक नेवलिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग से जुड़े किसी भी कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन में जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी प्रदीप बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता और ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोबाल समेत कई कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

