रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल, यहां जगतपुरा वार्ड नंबर 5 में उस समय हड़कंप मच गया, जब मां के अंतिम संस्कार से लौटे तीन सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में भाइयों ने घर में रखे तवे और बेलन को ही हथियार बना लिया। मारपीट में एक भाई का सिर फूट गया, जबकि एक महिला भी घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि परिवार के भीतर धीरे-धीरे बहस शुरू हुई और देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर भाइयों ने एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान भाईयों ने तवा और बेलन को ही हथियार बनाकर एक-दूसरे पर वार कर दिए। इस दौरान एक भाई ने दूसरे भाई के सिर पर तवे से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई एक भाई की पत्नी को भी बेलन से कमर पर वार कर दिया गया। अचानक हुए हमले से महिला जमीन पर गिर पड़ी और वह भी घायल हो गई। घर के अंदर महिलाओं और बच्चों के सामने हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भी शोर सुनकर मौके पर पहुंच गए। इधर सूचना मिलते ही वार्ड नंबर 5 के पार्षद पति राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। साथ ही घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान एक भाई का सिर फूट गया, जबकि पुलिस ने मौके से एक आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरा आरोपी भाई पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी देते हुए आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। घायल लोगों को मेडिकल जांच और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। फिलहाल घायलों की हालत ठीक बताई जा रही है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों भाइयों में अंतिम संस्कार में हुए खर्च को लेकर आपस में मारपीट हो गई थी। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश भी कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पारिवारिक विवाद के इस हिंसक रूप को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
Trending
बेरीनागः पेड़ से गिरकर पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत! गायों के लिए चारा काटने गए थे जगत सिंह बोरा, गांव में शोक की लहर
भाइयों की मारपीट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
आज सुबह रुद्रपुर छापेमारी के बाद नकली एनसीईआरटी किताबों के वितरण की जांच के लिए संयुक्त कार्रवाई समिति का गठन
अधिकारियों द्वारा चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की रिपोर्ट सौंपने के साथ मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के त्वरित विकास का संकल्प लिया
आधुनिक समय में लोक परंपराएं: मुख्यमंत्री धामी ने आज देहरादून स्थित सरकारी आवास पर फूलदेई समारोह के लिए स्थानीय बच्चों की मेजबानी की
गोरखा बस हादसे में सात लोगों की जान गई
चम्पावत में चिकित्सा सहायता में क्रांति: सीएम धामी ने त्वरित स्थानीय उपचार के लिए एसीएलएस एम्बुलेंस और फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन पेश की
नैनीताल में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया फूलदेई