थल / पिथौरागढ़। क्षेत्र के ग्राम बरसात के पास सोमवार प्रातः करीब नौ बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार चालक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि वाहन में सवार दो बच्चों समेत एक अन्य व्यक्ति पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, चौकड़ी निवासी एवं मूल रूप से भातड़, थल के रहने वाले संदीप सिंह खड़ायत अपनी ब्रेजा कार (संख्या UK05F7913) से जा रहे थे। ग्राम बरसात के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। कार में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट होने के कारण चालक संदीप सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं कार में सवार दोनों बच्चे और एक अन्य यात्री सुरक्षित हैं।

