Mar 28, 2026

गंगोलीहाटः ग्राम पंचायत जखेड़ी में कार्यशाला आयोजित! समूहों को सिखाए उद्यमिता के गुर

post-img

गंगोलीहाट। विकासखण्ड गंगोलीहाट के ग्राम पंचायत जखेड़ी में शनिवार को स्वयं सहायता समूहों की आजीविका संवर्धन हेतु एक दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्थानीय उत्पादों के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के टिप्स दिए। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक खंड विकास अधिकारी जगदीश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राम प्रधान संजय राठौर और क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक डसीला ने समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और पंचायत स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। एनआरएलएम की टीम से पीयूष राठौर, भूपेश तिवारी, शोभा भट्ट और ज्योति ने समूहों को बैंक लिंकेज, रिकॉर्ड कीपिंग और सरकारी सब्सिडी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। ग्रामोत्थान संस्था के अमित जोशी ने पैकेजिंग और मार्केटिंग के महत्व को समझाया। सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप उपाध्याय ने समुदाय की भागीदारी पर जोर देते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।