चौकोड़ी। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल के साथ यात्रियों को भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के बाद चीन से लौटे कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के कर्मचारियों का चौकोड़ी पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में प्रबंधक दीपक पंत सहित कर्मचारियों ने दोनों कर्मियों का कुमाऊंनी रीति-रिवाज के अनुसार तिलक लगाकर और फूल-माला पहनाकर अभिनंदन किया। कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल के साथ भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाकर लौटे केएमवीएन कर्मचारी भीम सिंह अधिकारी और दिनेश चंद्र आर्य के चौकोड़ी पहुंचने पर आवास गृह के कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सभी ने यात्रा के अनुभव भी साझा किए। स्वागत कार्यक्रम के बाद यात्रियों के साथ गए निगम कर्मचारियों ने मानसरोवर झील से लाया गया गंगाजल आवास गृह के कर्मचारियों को वितरित किया। पवित्र मानसरोवर से लाए गए गंगाजल को पाकर कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा। वहीं, कैलाश मानसरोवर यात्रा के सातवें दल में शामिल यात्रियों ने उनके साथ गए केएमवीएन के कुक और सहायक स्टाफ के भोजन एवं व्यवहार की जमकर प्रशंसा की। यात्रियों ने कहा कि कठिन यात्रा के दौरान भोजन व्यवस्था और कर्मचारियों के सहयोग ने उन्हें काफी सुविधा प्रदान की। इस मौके पर दीप पपने, रविंद्र अधिकारी, लाल सिंह, कपूर सिंह, प्रकाश, किशन राम, भगवान राम, हेमंत और विमला देवी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान सेवा देकर लौटे अपने साथियों का स्वागत करते हुए उनके अनुभव भी सुने।

