Feb 25, 2026

इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में उत्तराखंड के 40 प्राध्यापकों का शैक्षिक-सांस्कृतिक अध्ययन भ्रमण! गंगोलीहाट की डॉ. हेमा मेहरा ने साझा किए अनुभव

post-img

गंगोलीहाट। उत्तराखंड सरकार की उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत राज्य के विभिन्न जनपदों से आए 40 प्राध्यापकों का शैक्षिक एवं सांस्कृतिक अध्ययन भ्रमण 16 से 21 फरवरी तक इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय, प्रयागराज में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। इस र्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को अकादमिक नवाचार, अनुसंधान दृष्टि और सांस्कृतिक चेतना से समृद्ध करना रहा। अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने त्रिवेणी संगम, इलाहाबाद किला, आनंद भवन, खुसरो बाग, सरस्वती घाट, हनुमान मंदिर तथा इलाहाबाद संग्रहालय का अवलोकन किया। इन ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों ने भारतीय विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रनिर्माण की भावना से सभी को ओत-प्रोत किया। साथ ही विश्वविद्यालय के कॉमर्स, अर्थशास्त्र एवं विज्ञान संकायों में शैक्षणिक संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से नई शिक्षण पद्धतियों पर चर्चा की गई। यात्रा के क्रम में प्राध्यापकों ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया तथा सारनाथ में भगवान बुद्ध के ज्ञान संदेश से प्रेरणा प्राप्त की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी ने सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण ज्ञान, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का जीवंत संगम हैंए जो शिक्षकों को नई ऊर्जा और व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं। राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट की डॉ. हेमा मेहरा ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।