गंगोलीहाट। राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, आज गंगोलीहाट स्थित गाइड लाइन पब्लिक स्कूल में 'सुरक्षित बचपन अभियान' के अंतर्गत एक विशेष कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तहसील विधिक सेवा समिति की पहल पर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए सिविल जज रजनीश मोहन ने उपस्थित छात्रों, शिक्षकों और अन्य लोगों को 'सुरक्षित बचपन अभियान' के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों के कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला। मोहन ने कक्षा नर्सरी से कक्षा 08 तक के बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए "अपने अधिकार जानो" विषय पर विस्तार से बताया। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं में तहसीलदार देवांशु प्रताप, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज अधिकारी और प्रभारी निरीक्षक गंगोलीहाट नरेंद्र पाठक भी शामिल थे। इन अधिकारियों ने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के बारे में जानकारी दी।इस अवसर पर अधिवक्ता बार संघ के सचिव मनोज सिंह रावल, अधिवक्ता निशा, न्यायालय के पेशकार संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेंद्र सिंह ऐर, आदेशकिया वाहक प्रधुमन सिंह टोलिया, पीआरडी जवान विनोद कुमार और गाइड लाइन पब्लिक स्कूल, गंगोलीहाट, जिला पिथौरागढ़ के प्रधानाचार्य/प्रबंधक नितेश खाती, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं लगभग 120-150 स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं जनता के लोग उपस्थित रहे।

