गंगोलीहाट। पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। गंगोलीहाट से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और सामने से आ रही एक वैगनआर टैक्सी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा नगर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर कफलाड़ी नामक स्थान पर हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पीए 6632, जो पिथौरागढ़ डिपो की बस है, गंगोलीहाट से 28 सवारियों को लेकर हल्द्वानी की ओर जा रही थी। बस का संचालन चालक नंदन सिंह कर रहे थे, जबकि परिचालक नीरज भट्ट ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही वैगनआर कार संख्या यूके 05 टीए 4668 से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टैक्सी वाहन को 23 वर्षीय अरविंद कुमार पुत्र दानी राम चला रहे थे। वाहन में उनके साथ अंजली और मनोज सवार थे, जो सभी ग्राम चिटगल के निवासी बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी सवार तीनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट पहुंचाया गया। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विमलेश टम्टा के अनुसार तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत स्थिर होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं बस में सवार 28 यात्रियों में से 15 यात्रियों के टिकट बने हुए थे, जिन्हें उनके टिकट का किराया वापस कर दिया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैक्सियों से हल्द्वानी के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में बीसी मासीवाल, आकील सिद्दिकी और देश दीपक शामिल रहे। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपने निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। दोनों वाहन चालकों द्वारा पुलिस को तहरीर दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक कैलाश जोशी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

