govt-ads

अंकिता भंडारी केसः CBI की पूछताछ को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार

Blog
 Image

सहारनपुर/देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की चार सदस्यीय टीम रविवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर पहुंची। टीम अभिनेत्री उर्मिला से पूछताछ करने उनके घर पहुंची है। बताया जा रहा है कि टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल हैं। इससे पहले शनिवार को भी सीबीआई की टीम अभिनेत्री के घर पहुंची थी, लेकिन उनके नहीं मिलने के कारण बिना पूछताछ किए लौटना पड़ा था। वहीं, दूसरी ओर अंकिता के माता-पिता के दिल्ली पहुंचने की जानकारी खुफिया तंत्र को समय पर नहीं मिलने के मामले में पौड़ी गढ़वाल के एलआईयू इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अभिनेत्री उर्मिला ने पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड के कुछ चर्चित नामों का उल्लेख किया था। उनके दावों और मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर सीबीआई की पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रविवार को सहारनपुर पहुंची टीम का उद्देश्य अभिनेत्री से संबंधित पहलुओं पर जानकारी जुटाना बताया जा रहा है। हालांकि, पूछताछ के दौरान किन सवालों पर जानकारी मांगी गई और जांच में क्या तथ्य सामने आए, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन ने जिले में सीबीआई टीम के पहुंचने की जानकारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सीबीआई की टीम अभिनेत्री उर्मिला से पूछताछ के लिए उनके घर पहुंची है। 

अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की राज्यपाल पद पर नियुक्ति के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध तेज हुआ है। इस नियुक्ति को लेकर अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था। वे इंडिया गेट के बाहर धरने पर बैठे, जिसके बाद इस मुद्दे ने राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा। धरने को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और अलका लांबा सहित कई नेताओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया। इसके बाद उत्तराखंड में भी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन और कैंडल मार्च आयोजित किए गए।

खुफिया तंत्र की चूक पर एलआईयू इंस्पेक्टर सस्पेंड
अंकिता के माता-पिता के अचानक दिल्ली पहुंचने और उनके विरोध प्रदर्शन की जानकारी समय पर खुफिया तंत्र तक नहीं पहुंचने को विभागीय स्तर पर गंभीरता से लिया गया है। इसी मामले में पौड़ी गढ़वाल के एलआईयू इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। उत्तराखंड के डीजी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार ने निलंबन की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दिल्ली पहुंचे थे। पौड़ी की जिलाधिकारी को भी दिल्ली बुलाए जाने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, खुफिया विभाग के अधिकारी भी सूचना मिलने के बाद दिल्ली रवाना हुए थे। इस पूरे घटनाक्रम को खुफिया तंत्र की चूक के रूप में देखा जा रहा है।