गंगोलीहाट। क्षेत्र में शिक्षा और संस्कारों के प्रमुख केंद्र सरस्वती शिशु मंदिर गंगोलीहाट के नवीन भवन का भूमि पूजन शुक्रवार को विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज शिक्षाविदों व गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर शाहू ने कहा कि भवन मात्र ईंट-गारों का ढांचा नहीं, बल्कि संस्कारों की वह पाठशाला है जहाँ राष्ट्रभक्त नागरिक तैयार होते हैं। विशिष्ट अतिथि प्रदेश निरीक्षक डॉ. विजय पाल सिंह और सह प्रदेश निरीक्षक ईश्वरी दत्त जोशी ने विद्यालय की प्रगति पर हर्ष जताते हुए कहा कि नवीन भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम में संभाग निरीक्षक राजेंद्र चंद, प्रबंधक ललित पाठक, अध्यक्ष सुरेश जोशी, और कोषाध्यक्ष दर्पण कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान शिक्षा जगत से जुड़ी प्रमुख हस्तियों में गंगोलीहाट प्रधानाचार्य चंद्र सिंह भंडारी, मुनस्यारी के रणजीत बसेड़ा, विवेकानंद गंगोलीहाट के चंद्र शेखर जोशी, विवेकानंद विद्या मंदिर मुनस्यारी के नवीन शर्मा और राई आगर के कैलाश पंत मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भूमि पूजन के उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुमाऊंनी लोक संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य (चिटगल) ममता चन्याल, जिला प्रचारक गणेश राजा, डी.एस. सुगड़ा, संजेश मेहता, भगवान डोभाल, दिनेश धानिक, हरगोविंद रावल और हरीश दुर्गापाल सहित दर्जनों अभिभावक व स्थानीय लोग उपस्थित थे।