गंगोलीहाट। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार गुरुवार को गंगोलीहाट तहसील एवं सिविल न्यायालय परिसर में वन महोत्सव सप्ताह के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, पुलिस, वन विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है।” उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु और जलवायु संतुलन प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं। इस अवसर पर न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह रेर, बार अध्यक्ष जेएनएस मेहरा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र सिंह डोबाल, देव सिंह रावल, जितेन्द्र सिंह देवपा, विरेंद्र सिंह मलड़ा, थाना गंगोलीहाट से हेड कांस्टेबल तथा थाना बेरीनाग से पुलिस कर्मियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा वन विभाग, तहसील प्रशासन के कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें वन महोत्सव सप्ताह को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने पर जोर दिया गया।

