नगरपालिका के न्यू सेरा पुनेड़ी वार्ड के सिकड़ानी में विनीता बोहरा बकरी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गईं। महिला की हिम्मत के आगे तेंदुए को भी भागना पड़ा। हमले में बकरी की गर्दन पर तीन घाव हुए हैं।
सिकड़ानी क्षेत्र की महिलाएं घर से कुछ दूरी पर बकरियां चरा रही थीं। इस दौरान घात लगाए तेंदुए ने विनीता की बकरी को दबोच लिया। यह देख विनीता ने तेंदुए पर आंसी से प्रहार करने के साथ ही हो-हल्ला किया। इस दौरान तेंदुए महिला पर भी गुर्राया लेकिन वह पीछे नहीं हटीं और अपने पैर से जूते निकालकर उसकी फेंके। आवाज सुनकर अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद तेंदुआ वहां से जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए के हमले में बकरी की गर्दन में तीन घाव आए हैं। उसका इलाज कराया गया है। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना वन विभाग को दे दी है। इधर वन रेंजर पूरन सिंह देऊपा के नेतृत्व में दौला क्षेत्र में टीम ने तेंदुए से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया। लोगों से देर शाम को घर से बाहर नहीं जाने की अपील की गई। डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े ने बताया कि कई दिनों से जिला मुख्यालय के कुसौली, पौंण, पपदेव और चंडाक क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता बढ़ गई है। ऐसे में कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।