मुनस्यारी। मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में शनिवार को हिमपात हुआ जिससे ठंड बढ़ गई है। मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में दिन से ही बारिश शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। अस्कोट में देर शाम हल्की ओलावृष्टि हुई। वहीं पिथौरागढ़ सहित अन्य स्थानों पर मौसम सामान्य रहा और दिन भर धूप खिली रही।
मुनस्यारी सहित हिमालयी क्षेत्र में शनिवार सुबह से ही बादल छाए रहे। इस दौरान पंचाचूली, हंसलिंग, नग्निधुरा, छिपलाकेदार, खलियाटॉप, मल्ला जोहार में बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। चोटियों पर हिमपात से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मुनस्यारी में शनिवार को अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
धारचूला की दारमा और व्यास घाटियों में भी दिन भर बादल छाए रहे। यहां ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय सहित कई अन्य क्षेत्रों में मौसम के साफ रहने के साथ ही दिन भर धूप खिली रही।