पिथौरागढ़ जनपद के मुनस्यारी के फर्वेकोट टांगा गांव में एक युवक ने खिड़की के रास्ते घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के गले से मंगलसूत्र और कानों से दो सोने के मुनड़े लूट लिए। महिला के नाती की तहरीर पर मुनस्यारी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दी है। गोल्फा गांव निवासी योगेश सिंह कोरंगा ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि 23 नवंबर की रात उसके नाना 80 वर्षीय मोहन सिंह परिहार और नानी भवानी देवी सोए थे। गोल्फा गांव के ही जगदीश सिंह कोरंगा ने उन्हें दरवाजा खोलने को कहा। जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो खिड़की से भीतर घुसकर उसकी नानी के गले से मंगलसूत्र और दो मुनड़े लूट लिए। विरोध करने पर बेलचा और लाठी से हमला किया गया। चलने फिरने में असमर्थ उसके नाना को भी चारपाई से गिरा दिया। नानी नाना के चीखने चिल्लाने पर आरोपी भाग गया। इस दौरान उसका फोन और मास्क मौके पर ही छूट गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।