गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। गणाई गंगोली क्षेत्र के गुना किटान गोदीगाड़ निवासी योगेश उपाध्याय ने CDS का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने योगेश को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। योगेश उपाध्याय पुत्र नवीन उपाध्याय ने पिछले वर्ष CDS की परीक्षा में देशभर में 18वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने सेना में अधिकारी बनने के लिए कठिन प्रशिक्षण शुरू किया। प्रशिक्षण की विभिन्न चुनौतियों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब वह भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देश सेवा के लिए तैयार हैं। योगेश की सफलता को उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने दिवंगत दादाजी स्वर्गीय पूरन चंद्र उपाध्याय, पिता नवीन उपाध्याय, चाचा दीपक उपाध्याय और समस्त परिजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। योगेश के सेना में अधिकारी बनने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई। कनिष्ठ प्रमुख कविता डोबाल, ग्राम प्रधान प्रकाश पाण्डेय, कमल उपाध्याय, मनोज कुमार, सुरेंद्र बोरा, मनीषा बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य बलबीर बोरा, चंदन बाणी, दिन दयाल उपाध्याय, शंभू सिद्धार्थ पाण्डेय, खिलपति पाण्डेय, गोविंद पाण्डेय, जसबीर डोबाल, नवल डोबाल, कबिंद्र डोबाल, ज्ञानेश बोरा, सुंदर बोरा, गिरीश उपाध्याय और संजय सिंह समेत अनेक लोगों ने योगेश को बधाई दी। क्षेत्रवासियों ने कहा कि योगेश की उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गणाई गंगोली और पिथौरागढ़ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


