पिथौरागढ़। संकल्प सेवा अभियान के तहत बेरीनाग में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्य, ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग संगीता चन्याल समेत 32 जनप्रतिनिधियों और 72 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में करीब 220 लोगों की मौजूदगी रही, जबकि विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं के माध्यम से कुल 369 लाभार्थी लाभान्वित हुए। शिविर में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण, पेयजल और शिक्षा समेत कई विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड समेत विभिन्न सेवाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया गया। शिविर के दौरान कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत घर निर्माण समेत क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। उपजिलाधिकारी ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए बहुउद्देशीय शिविरों का प्रभावी उपयोग किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

