पिथौरागढ़: विश्व पर्यावरण सप्ताह पर चंडाक हिल्स में चला वृहद स्वच्छता अभियान! सेना की ईको टास्क फोर्स, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Blog
 Image

पिथौरागढ़। विश्व पर्यावरण सप्ताह के उपलक्ष्य में 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल कुमाऊं द्वारा चंडाक हिल्स क्षेत्र में एक विशाल स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत पर्यटन स्थलों पर बिखरे पड़े कूडे को एकत्र किया गया और पौधारोपण किया गया। नगर निगम पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल ने अभियान को अनुकरणीय बताया। यह स्वच्छता अभियान निगम निगम के साथ ही विभिन्न गैर सरकारी संगठनों, एनसीसी कैडेट्स, स्थानीय नागरिकों एवं स्वयंसेवकों के सहयोग से संचालित किया गया। चंडाक हिल्स पिथौरागढ़ नगर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जिसकी प्राकृतिक सुंदरता विगत कुछ समय से क्षेत्र में बढ़ते कूड़ा.करकट एवं अपशिष्ट पदार्थों के अनियंत्रित संचयन के कारण प्रभावित हो रही थी। क्षेत्र में फैले कचरे से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ पर्यावरणीय एवं स्वच्छता संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ईको टास्क फोर्स के सहायक कमान अधिकारी ले. कर्नल वीएस दानू ने बताया कि अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक अपशिष्ट, गैर-जैविक कचरा एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर वैज्ञानिक तरीके से निष्पादित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं पर्यटकों को हिमालयी पारिस्थितिकी संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा नियमित स्वच्छता अभियानों के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया। 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इकोलॉजिकल कुमाऊँ विगत वर्षों से हिमालयी पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर वृक्षारोपण अभियानए जन.जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण पुनर्जीवन गतिविधियाँ एवं संवेदनशील क्षेत्रों के रखरखाव जैसे कार्य नियमित रूप से संचालित करती रही है। बटालियन हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य के लिए सामूहिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करती है। बटालियन द्वारा इस अभियान को सफल बनाने हेतु नगर निगम, विभिन्न संस्थाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।