पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा इन दिनों अवैध नशा कारोबारियों व नशे में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ इवनिंग स्टॉर्म अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों, धार्मिक स्थलों व स्कूल परिसरों के आस-पास गुटका, तंबाकू, बीडी-सिगरेट पीने वालों व अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। यही नहीं पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा गया है। पिथौरागढ़ की बात करें तो यहां पुलिस द्वारा जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाते हुए लगभग 94 लोगों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गयी। इस दौरान एसपी लोकेश्वर सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जायेगा। वहीं उन्होंने नशे में हुड़दंग मचाने वालों, अराजकता फैलाने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा अभियान आगे भी जारी रखा जायेगा और किसी भी सूरत में ऐसे कार्यों में लिप्त लोगों को माफ नहीं किया जायेगा।
Narendra Singh
संपादक