देहरादून। चारधाम यात्रा पर तबीयत बिगड़ने से यात्रियों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार अबतक हृदय गति रूकने से 46 श्रृद्धालुओं की मौत हो गयी है। यात्रा से लौट रहे दो और तीर्थयात्रियों की हृदय गति रूकने से मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि बंगाल के ग्राम चक गोपाल पोस्ट आलम चकबेल्डा प्रताशपुर पूर्वी मेदनीपुर बंगाल निवासी डा. (पीएचडी) नीमयी पात्रा (45 वर्ष) पुत्री गणेश चंद पात्रा अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा कर लौट रहे थे। पांडुकेश्वर जिला चमोली में बुधवार की देर शाम को उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें देर रात राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मध्य प्रदेश के बलदेव बाग जबलपुर निवासी गोकुल प्रसाद चौबे (65 वर्ष) पुत्र जगमोहन प्रसाद चौबे भी अपने परिवार के साथ चारधाम की यात्रा कर लौट रहे थे। मुनिकीरेती थाना अंतर्गत तपोवन क्षेत्र में गुरुवार की सुबह तबीयत खराब होने पर उन्हें भी उनके पुत्र आशीष चौबे राजकीय चिकित्सालय लाए। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। दोनों के शव को चिकित्सालय प्रशासन ने मोर्चरी में रखवा दिए हैं। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
Narendra Singh
संपादक