पिथौरागढ़। नगरपालिका में शामिल हुए सिकड़ानी चंडाक के लोगों ने मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि पालिका में शामिल होने के बाद न तो विकास कार्य हो रहे हैं और न ही उन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने पालिका में शामिल कर उनकी मुश्किलें बढ़ाईं हैं। सिकड़ानी क्षेत्र के लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पीतांबर अवस्थी के नेतृत्व में डीएम कार्यालय के बाहर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारे लगाए। उन्होंने कहा कि सिकड़ानी सड़क से 600 मीटर की दूरी पर है। उनके गांव को नगरपालिका में शामिल कर सेरा पुनेड़ी वार्ड में जोड़ दिया गया। वहां रहने वाले अधिकतर परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। पालिका में शामिल होने के बाद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है जबकि पहले ग्रामीणों को मनरेगा के तहत काम मिल जाता था। गांव तक सड़क नहीं है। लोग पैदल ही आवाजाही करते हैं। मार्ग भी क्षतिग्रस्त हैं। सुनीता देवी ने कहा कि पेयजल व्यवस्था भी बदहाल है। पानी के लिए क्षेत्रवासियों को मशक्कत करनी पड़ती है। सरकारी नल नहीं है। गांव के लोग खेतीबाड़ी करते हैं। पथ प्रकाश की भी कोई व्यवस्था नहीं है। पालिका में जुड़ने के बाद उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला है। प्रदर्शन में सुमन बिष्ट, कलावती देवी, संगीता देवी, कलावती, रूपा, राधिका देवी, भागीरथी, विमला, आशा, ममता देवी, रेखा, सीता, यमुना, ईश्वर सिंह आदि शामिल रहे। बाद में मांगों से संबंधित एक ज्ञापन डीएम रीना जोशी को सौंपा गया। डीएम ने उन्हें उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।