पिथौरागढ़। यहां बेड़ा गांव में युवक की हत्या के मामले में हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर भीम आर्मी ने कलेक्ट्रेट गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। बाद में अधिकारियों के समझाने पर मृतक के परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। नामकरण की दावत में गए बेड़ा गांव निवासी चनर राम (42) की हत्या कर शव गांव में ही पानी की टंकी के पास फेंका गया था। बृहस्पतिवार को राजस्व टीम ने इस मामले में तीन संदिग्धों से पूछताछ की थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद भीम आर्मी कार्यकर्ता चनर राम के शव को उठाकर कलक्ट्रेट ले गए जहां उन्होंने शव को कलक्ट्रेट गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हत्या के मामले में राजस्व पुलिस ने लापरवाही बरती है। मृतक के भाई मोहन राम ने इस मामले में खितोली के दो लोगों के खिलाफ चनर राम की हत्या करने की नामजद तहरीर दी थी। बावजूद इसके राजस्व पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया। कार्यकर्ताओं ने एससी-एसटी में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग उठाई। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए एडीएम एफआर चौहान और एसडीएम अनुराग आर्या मौके पर पहुंचे और उन्होंने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।
Narendra Singh
संपादक