नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नॉर्थ ईस्ट को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात दी। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज असम सहित पूरे नॉर्थ ईस्ट के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। नॉर्थ ईस्ट की कनेक्टिविटी से जुड़े तीन काम हो रहे हैं। नॉर्थ ईस्ट को पहली मेड इन इंडिया वंदे भारत मिल रही है। दूसरा ये पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली तीसरी वंदे भारत है और असम और मेघालय के लगभग 425 किमी ट्रैक पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 9 साल, भारत के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों के रहे हैं, नए भारत के निर्माण के रहे हैं। कल ही देश को आज़ाद भारत की भव्य-दिव्य आधुनिक संसद मिली है। ये भारत के हज़ारों वर्ष पुराने लोकतांत्रिक इतिहास को हमारे समृद्ध लोकतांत्रिक भविष्य से जोड़ने वाली संसद है। वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है। यह वंदे भारत ट्रेन पहली बार पश्चिम बंगाल और असम को जोड़ेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट में अब वंदे भारत ट्रेन आपको सेवा देगी। वर्ल्ड क्लास ट्रेन जिसकी हम पहले विदेशों की वीडियो देखा करते थे वह अब हमारे देश में आपकी सेवा में है।